दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज: 4 जून तक बारिश और तेज हवाओं के आसार, IMD का येलो अलर्ट जारी

खबर शेयर करें

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत का दौर जारी है। पहाड़ों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में आगामी कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा और 1 से 4 जून के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 1 और 2 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दोपहर और शाम के समय हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चार दिसंबर से बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। 1 जून से 6 जून के बीच अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे लोगों को फिलहाल लू और प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी।

रविवार को भी राजधानी में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह से ही सूरज और बादलों के बीच आंख-मिचौली चलती रही। दिन में धूप निकलने के बावजूद मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ घने बादल छा गए। इसके बाद कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने राहत महसूस की।

यह भी पढ़ें 👉  दिल्ली बनी गैस चैंबर: ठंड और खराब मौसम ने बढ़ाई सांसों की परेशानी, AQI 418 पहुंचा ‘गंभीर’ स्तर पर

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम चार बजे तक सफदरजंग मौसम केंद्र में 1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार तीसरे दिन राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। दिन का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण हादसा...कई वाहन आपस में भिड़े, कार में लगी आग, महिला की दर्दनाक मौत

आर्द्रता के स्तर में भी बढ़ोतरी देखी गई। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 75 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 51 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में हल्की बारिश तथा तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें। फिलहाल दिल्लीवासियों को जून की शुरुआत में गर्मी से राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page