हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित अमेजन के स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्टोर के भीतर मौजूद दोनों कर्मचारी बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देर रात तक दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
जानकारी के अनुसार रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र स्थित अमेजन स्टोर में रात करीब 11:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। पास में स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने आग की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्टोर का शटर बंद होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई हुई। दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दो कर्मचारियों की जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान बागजाला गौलापार निवासी नरेंद्र (35 वर्ष) और पंचायतघर निवासी अमित (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों हादसे के समय स्टोर के भीतर सो रहे थे। आशंका है कि आग लगने के बाद धुएं और लपटों के बीच फंसने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है।
अग्निकांड में स्टोर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और परिसर में खड़ा एक टेंपो भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। आग बुझाने के दौरान आसपास के कुछ लोग भी झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जाएगी।

