Haldwani: ज्योलीकोट प्रभावित मरीजों से सीएमओ ने की मुलाकात, उपचार और आयुष्मान सुविधाओं की ली जानकारी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। ज्योलीकोट प्रभावित क्षेत्र के मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और उनके उपचार की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने गुरुवार को हल्द्वानी के उजाला सिग्नस अस्पताल और सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ज्योलीकोट प्रभावित क्षेत्र से भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।

उजाला सिग्नस अस्पताल पहुंचीं सीएमओ ने ज्योलीकोट प्रभावित मरीजों से बातचीत कर उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मंजू पांडे से भी मुलाकात की, जो अल्सरेटिव कोलाइटिस से पीड़ित हैं और पिछले करीब एक माह से उपचार करा रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

सीएमओ ने अस्पताल प्रबंधन को मंजू पांडे का उपचार आयुष्मान योजना के अंतर्गत किए जाने के निर्देश दिए। अस्पताल प्रबंधन ने इस पर सहमति जताई। इसके साथ ही डॉ. रश्मि पंत ने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध उपचार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी अस्पताल परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए।

उन्होंने कहा कि सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी सामने होने से मरीजों और उनके परिजनों को यह पता चल सकेगा कि आयुष्मान योजना के तहत उन्हें किन सेवाओं का लाभ मिल सकता है। इससे पात्र मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर ज्योलीकोट प्रभावित क्षेत्र से उपचार के लिए भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही अस्पताल में उनके उपचार और उपलब्ध व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: धारचूला में भूकंप के झटके, 3.1 तीव्रता दर्ज, कोई नुकसान नहीं

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने सीएमओ को बताया कि अस्पताल के सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि ज्योलीकोट क्षेत्र से आने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचने पर प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि ज्योलीकोट प्रभावित मरीजों के उपचार और अस्पताल की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

डॉ. अरुण जोशी के अनुसार, अस्पताल में पर्याप्त संख्या में बेड उपलब्ध हैं और ज्योलीकोट क्षेत्र से उपचार के लिए पहुंच रहे मरीजों के इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। अस्पताल प्रशासन मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: होली पर रेलवे का तोहफा...लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 1 मार्च से

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रभावित मरीजों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग उनकी उपचार संबंधी जरूरतों को लेकर गंभीर है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें समय पर उपचार और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत भट्ट भी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page