Uttarakhand: हाईवे पर चलती टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

खबर शेयर करें

हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र के भूपतवाला में हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरिद्वार से देहरादून जा रही एक चलती टूरिस्ट बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता और यात्रियों की तत्परता से सभी लोग समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना शनिवार को भूपतवाला स्थित सर्वानंद घाट के पास हुई। जानकारी के अनुसार 42 सीटर टूरिस्ट बस हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में आग भड़क गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया। हालांकि यात्रियों का सामान बस के भीतर ही रह गया, जो आग की चपेट में आकर जल गया।

यह भी पढ़ें 👉  अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से 2 की मौत, 3 घायल

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हाईवे पर गुजर रहे वाहन भी रुक गए, जिससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान बस के भीतर से तीन बार तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर मायापुर फायर स्टेशन से दमकल कर्मियों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) बीरबल सिंह स्वयं टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू कराया। आग इतनी भीषण थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को एक घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  भूमि विवाद निस्तारण को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम ने हल्द्वानी तहसील में कार्यों का किया निरीक्षण

दमकल विभाग के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बस में रखा यात्रियों का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

हरिद्वार के एसडीएम योगेश सिंह मेहरा ने बताया कि बस हरिद्वार से देहरादून जा रही थी। सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि आग पर दमकल विभाग ने सफलतापूर्वक काबू पा लिया है और मामले की जांच कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप...धमाके के बाद लगी आग, चार महिलाएं समेत पांच लोग झुलसे

चार दिन में दूसरी बस अग्निकांड की घटना

गौरतलब है कि चार दिन पहले भी बहादराबाद क्षेत्र के शांतरशाह के पास एक वॉल्वो बस में भीषण आग लग गई थी। उस दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए दो विदेशी यात्रियों समेत 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इसके बाद बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई थी और कुछ ही घंटों में जलकर खाक हो गई थी।

लगातार सामने आ रही बसों में आग लगने की घटनाओं ने परिवहन सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इन घटनाओं के पीछे तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page