Uttarakhand: देवीधुरा में अब नहीं सताएगा जाम, 9.80 करोड़ से बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग

खबर शेयर करें

देहरादून। चम्पावत के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल देवीधुरा में पार्किंग की समस्या दूर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्राम देचमार, तहसील पाटी में प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना को 980.23 लाख रुपये यानी करीब 9.80 करोड़ रुपये की लागत पर सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब प्रस्ताव को वित्त विभाग को भेजा जाएगा।

पार्किंग बनने के बाद देवीधुरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को वाहनों को खड़ा करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। खासतौर पर प्रसिद्ध बग्वाल मेले के दौरान सड़क किनारे होने वाली अनियंत्रित पार्किंग और उससे पैदा होने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

राज्य सचिवालय में मंगलवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और भूमि संबंधी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्र की वास्तविक जरूरत को देखते हुए प्रस्तावित पार्किंग के स्वरूप में भी बदलाव किया गया है।

83 कारों के लिए होगी पार्किंग

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रस्ताव में शामिल दोपहिया पार्किंग, दुकानों और कैफे का प्रावधान हटाकर मुख्य रूप से कार पार्किंग पर ध्यान केंद्रित किया जाए। संशोधित प्रस्ताव में 83 कारों के लिए पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पार्किंग परिसर में पर्याप्त शौचालय और केयरटेकर रूम की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें 👉  फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, एक हफ्ते में दूसरी बढ़ोतरी से आम जनता पर बढ़ा बोझ

बग्वाल मेले में बढ़ जाता है वाहनों का दबाव

देवीधुरा चम्पावत जिले का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र है। यहां आयोजित होने वाले प्रसिद्ध बग्वाल मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मेले के दौरान अचानक बढ़ने वाले वाहनों के दबाव के चलते सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होते हैं।

इससे कई बार यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी बनती है। वर्षभर देवीधुरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए भी व्यवस्थित पार्किंग की जरूरत महसूस की जा रही थी।

मल्टी लेवल पार्किंग बनने के बाद वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। इससे मुख्य सड़क पर अनियंत्रित पार्किंग कम होगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

TAC जांच के बाद 980.23 लाख की लागत तय

परियोजना के लिए पहले 994.80 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत होने के कारण इसका नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ (TAC) से परीक्षण कराया गया।

तकनीकी परीक्षण के बाद 980.23 लाख रुपये की लागत को परियोजना के लिए औचित्यपूर्ण पाया गया। इसी लागत पर विभागीय व्यय समिति ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: घास लेने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

0.88 हेक्टेयर भूमि पर बनेगी पार्किंग

मल्टी लेवल पार्किंग के लिए ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है। यह भूमि खाता-खतौनी संख्या 16 के खसरा संख्या 1864 में दर्ज है और देवीधुरा मेला क्षेत्र के निकट सड़क से लगी हुई है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वन विभाग की ओर से भी इस प्रकरण पर सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

कैंपा के लिए 34.66 लाख रुपये लागत में शामिल

परियोजना में पर्यावरणीय प्रावधानों को भी शामिल किया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी, चम्पावत की ओर से एनपीवीओ, क्षतिपूरक वनीकरण, Soil and Moisture Conservation Plan (SMCP) तथा Wildlife Management Plan (WMP) के लिए 34,66,057 रुपये कैंपा कोष में जमा किए जाने की अपेक्षा की गई है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह राशि मूल आगणन में ही शामिल है। इसके लिए अलग से अतिरिक्त धनराशि की मांग नहीं की जाएगी।

परियोजना के निर्माण से पहले सहायक भू-वैज्ञानिक, चम्पावत की भूगर्भीय निरीक्षण आख्या को भी ध्यान में रखा जाएगा। अधिकारियों को निर्माण के दौरान तकनीकी आवश्यकताओं और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दुकान और कैफे हटाकर पार्किंग पर फोकस

सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने परियोजना को क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप रखने पर जोर दिया। उन्होंने प्रस्तावित दोपहिया पार्किंग, दुकानों और कैफे का प्रावधान हटाकर 83 कारों की पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज...पर्वतीय जिलों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरे का येलो अलर्ट

उन्होंने पार्किंग परिसर में पर्याप्त शौचालय और केयरटेकर रूम की व्यवस्था को भी अनिवार्य बताया। समिति ने इन सुझावों को शामिल करते हुए 980.23 लाख रुपये की औचित्यपूर्ण लागत पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान की। अब प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना के निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी राहत : डॉ. आर. राजेश कुमार

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देवीधुरा में मल्टी लेवल पार्किंग की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे बग्वाल मेले सहित अन्य अवसरों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक व्यावसायिक गतिविधियों को हटाकर पार्किंग क्षमता पर फोकस किया गया है। 83 कारों की पार्किंग के साथ शौचालय और केयरटेकर रूम की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। इससे देवीधुरा आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात एवं पार्किंग सुविधा मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page