खनस्यु (नैनीताल)। उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत सोमवार को नैनीताल जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खनस्यु (टाइप-ए) में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से संबंधित जांच, परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में आयोजित शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती विमला देवी और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणेश धर्मशत् ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक भी किया।
शिविर में नेत्र रोग, ईएनटी (नाक, कान एवं गला), हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए।

207 लोगों का पंजीकरण, कई महत्वपूर्ण जांचें की गईं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में कुल 207 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान 105 लोगों की ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांच, 122 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 11 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 35 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 107 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 107 लोगों की एलएफटी (लिवर फंक्शन टेस्ट), 79 लोगों की आरएफटी (किडनी फंक्शन टेस्ट) तथा 80 एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 4 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए और 114 लोगों की आभा आईडी भी तैयार की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर
शिविर का निरीक्षण अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणेश धर्मशत् ने किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. कैलाश बृजवाल, डॉ. हिमांशु कांडपाल, डॉ. धीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. हिमांशु नेगी, डॉ. अवनीश दीवान, डॉ. तृप्ति अग्रवाल, एक्स-रे टेक्नीशियन संतोष द्विवेदी, चंदन डायग्नोस्टिक हल्द्वानी की लैब टीम, स्टाफ नर्सों, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर की संपूर्ण व्यवस्थाओं का संचालन प्रभारी फार्मासिस्ट अधिकारी उमेश चंद्र के नेतृत्व में किया गया।

