Haldwani: दर्दनाक हादसा…रेत के ढेर से मिला डंपर हेल्पर का शव, लोडिंग के दौरान दबने की आशंका

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब चौफुला-कठघरिया मार्ग पर सड़क निर्माण के लिए डंप की गई रेत के ढेर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मजदूर जैसे ही निर्माण कार्य के लिए रेत हटाने लगे, उन्हें उसमें दबा हुआ एक व्यक्ति का सिर और हाथ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पवन सिंह (30) पुत्र मदन सिंह, निवासी जयपुर बीसा, लालकुआं के रूप में हुई है। वह एक डंपर में हेल्पर के रूप में कार्य करता था।

रेत हटाते समय दिखा शव, मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, चौफुला-कठघरिया मार्ग पर इन दिनों सड़क और नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को निर्माण कार्य के लिए गोरापड़ाव स्थित एक क्रशर से रेत मंगाई गई थी, जिसे निर्माण स्थल पर डंप कर दिया गया। दोपहर बाद जब मजदूरों ने रेत उठानी शुरू की तो अचानक ढेर के भीतर से एक व्यक्ति का सिर और हाथ दिखाई दिया। यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेत हटवाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: फिर शुरू होगी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया, यूपीसीएल ने जारी किए नए निर्देश

लोडिंग के दौरान हुआ हादसा होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवन सिंह रविवार सुबह अपनी ताई के घर से काम के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह डंपर चालक के साथ गोरापड़ाव स्थित क्रशर पहुंचा था। चालक मुख्य गेट पर भोजन करने के लिए रुक गया, जबकि पवन डंपर लेकर अंदर चला गया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: अप्रैल में ही मिलेगा तीन महीने का राशन, उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला

सूत्रों के अनुसार, डंपर में रेत भरने से पहले पवन वाहन के पीछे रेत निकलने वाली जगह पर कट्टे लगा रहा था। इसी दौरान जेसीबी चालक ने ऊपर से रेत डालनी शुरू कर दी, जिससे पवन रेत में दब गया। आशंका है कि किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी और वह रेत के नीचे ही दबा रह गया।

रेत समेत निर्माण स्थल पहुंचा डंपर

बताया जा रहा है कि काफी देर तक पवन के नहीं मिलने पर चालक डंपर लेकर निर्माण स्थल पहुंचा और पूरी रेत खाली कर दी। बाद में जब मजदूरों ने उसी रेत को निर्माण कार्य के लिए हटाया तो उसमें दबा पवन का शव मिला। देर शाम मृतक की ताई ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की।

यह भी पढ़ें 👉  राशिफल 20 सितम्बर 2025

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। डंपर स्वामी, क्रशर संचालक और रेत भरने वाले जेसीबी चालक से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल किसी की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page