Uttarakhand: कार रुकते ही भागने लगा युवक…डैशबोर्ड खुला तो पुलिस भी रह गई हैरान, 40.78 ग्राम स्मैक के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार

खबर शेयर करें

पिथौरागढ़। हाईवे पर पुलिस की नजर जैसे ही एक संदिग्ध कार पर पड़ी, टीम ने उसे रोक लिया। कार रुकते ही चालक युवक अचानक उतरकर भागने लगा। पुलिस को शक हुआ तो घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। इसके बाद कार की तलाशी ली गई तो डैशबोर्ड में छिपाई गई 40.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कार में एक महिला भी बैठी थी।

मामला पिथौरागढ़ जिले के घाट चौकी के पास टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे का है, जहां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नशे की बड़ी खेप पकड़कर तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा किया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल की आहट, पंचायत चुनाव से पहले जिलों में बदल सकते हैं डीएम

बचपन की दोस्ती से स्मैक तस्करी तक पहुंची कहानी

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान 31 वर्षीय हिमांशु जोशी उर्फ हेम, निवासी पूल्ड आवास, टकाना, पिथौरागढ़ और महिला की पहचान 35 वर्षीय ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति, निवासी मदली तल्ली, चंपावत के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। आरोप है कि समय के साथ उनकी दोस्ती नशे के कारोबार तक पहुंच गई। दोनों मैदानी क्षेत्रों में जाते और होटल में ठहरकर स्मैक की खरीद-फरोख्त करते थे। पुलिस के अनुसार, महिला का चार साल का बच्चा भी है। इसके बावजूद वह कथित तौर पर स्मैक की तस्करी में शामिल हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की सट्टेबाजों के खिलाफ कार्रवाई, एक गिरफ्तार

झनकट से स्मैक खरीदकर ला रहे थे पिथौरागढ़

पुलिस के मुताबिक दोनों ऊधमसिंह नगर के झनकट क्षेत्र से स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे। बरामद स्मैक का इस्तेमाल खुद करने के साथ ही इसे युवाओं को ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी। लेकिन इससे पहले कि खेप अपने ठिकाने तक पहुंचती, घाट चौकी के पास पुलिस की चेकिंग ने पूरी योजना पर पानी फेर दिया।

अब किससे खरीदी थी स्मैक? पुलिस खंगाल रही पूरी चेन

40.78 ग्राम स्मैक की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब केवल इन दोनों आरोपियों तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की सप्लाई किसने की और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: नैनीताल जिले में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, शनिवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद

पूछताछ के आधार पर पुलिस नशे की इस पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page