हल्दूचौड़ (हल्द्वानी)। बरेली रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। गायत्री शक्तिपीठ के समीप तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतका की पहचान प्रेरणा (14) के रूप में हुई है। वह अपने पिता सुरेंद्र कुमार (42) के साथ दोपहिया वाहन से हल्द्वानी से किच्छा की ओर जा रही थी। दोनों किच्छा क्षेत्र के बंडिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पीछे से डंपर ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार पुत्र हेतराम अपनी बेटी प्रेरणा के साथ दोपहिया वाहन संख्या यूके 06 एयू 1303 से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गायत्री शक्तिपीठ के पास पीछे से आ रहे डंपर संख्या यूके 06 सीसी 6222 ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्री सड़क पर जा गिरे। हादसे में प्रेरणा को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सुरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिता की हालत गंभीर, एसटीएच रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र कुमार को उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हादसे के कारणों की पड़ताल के साथ ही डंपर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

