1251 में से 793 विद्यार्थी मिले उपस्थित, 77 कार्मिकों में 68 स्कूल पहुंचे, जांच पूरी होने के बाद आयुक्त को भेजी जाएगी रिपोर्ट
हल्द्वानी: कुमाऊं आयुक्त के निर्देश पर श्री गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) पुष्कर लाल टम्टा ने संयुक्त रूप से विद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया, अभिलेखों, शुल्क व्यवस्था और स्टाफ की उपस्थिति समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश से संबंधित नियमों और अपनाई जा रही प्रक्रिया की जानकारी ली। विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की गई। प्रधानाचार्य विजय कुमार जोशी से प्रवेश प्रक्रिया, विद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों से लिए जा रहे शुल्क और विद्यालय की ओर से किए जाने वाले विभिन्न खर्चों के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित दस्तावेज भी देखे।
निरीक्षण के दौरान स्टाफ की उपस्थिति को लेकर भी स्थिति सामने आई। विद्यालय में कुल 77 कार्मिक दर्ज हैं, जिनमें से 68 उपस्थित मिले, जबकि 9 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
इसी तरह विद्यालय में पंजीकृत 1251 विद्यार्थियों में से निरीक्षण के समय 793 विद्यार्थी उपस्थित मिले, जबकि 458 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। अधिकारियों ने उपस्थिति से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समयबद्ध तरीके से कुमाऊं आयुक्त को भेजी जाएगी।

