नई टिहरी: जिले के सांकरी गांव में शादी की पहली सालगिरह के दिन एक 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात सांकरी गांव निवासी गौरव राणा अपनी पत्नी पूनम (22) की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उसे अपने पिता के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही मृतका के पिता शिव सिंह बिष्ट अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने पिलखी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। रविवार सुबह बेलेश्वर अस्पताल में भी विरोध-प्रदर्शन जारी रहा।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उनका कहना है कि पूनम की शादी 25 अप्रैल 2025 को हुई थी और वह हाल ही में मायके आई थी। 25 अप्रैल को जब वह ससुराल लौटी, तो उसी रात उसकी मौत हो गई, लेकिन परिजनों को केवल तबीयत खराब होने की सूचना दी गई।
मृतका के मामा और चाचा ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूनम को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या कर मामले को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति, ससुर, सास और छोटी सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा गया है।
थानाध्यक्ष घनसाली अजय कुमार जाटव के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

