तीन पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के आसार, 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान
देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। चटख धूप खिलने से पर्वतीय इलाकों में ठंड से राहत मिलेगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, रविवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 से 22 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना कम रहने से दिन में धूप खिल सकती है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर कुछ कम होगा, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
23 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद तापमान और बारिश की स्थिति में बदलाव की संभावना बनी रहेगी।

