Uttarakhand: खूनी रंजिश…छोटे भाई को मारने आए हमलावरों ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की

खबर शेयर करें

नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)। नानकमत्ता के ग्राम सिद्धा नवदिया में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार रात हथियारों से लैस हमलावरों ने घर पर धावा बोलकर पथराव और फायरिंग की। इस दौरान घर में मौजूद युवक ने छत से वीडियो बनाने की कोशिश की तो उस पर भी गोली चलाई गई, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। हमलावरों का सामना खेत से लौट रहे सतनाम सिंह (35) से हुआ तो उसे घेरकर सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए सतनाम को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिद्धा नवदिया में चार दिन पहले दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कुलदीप सिंह को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। विवाद के बीच सतनाम सिंह पुत्र चरनजीत सिंह ने बीच-बचाव किया था। बताया जा रहा है कि इसी वजह से एक पक्ष उससे रंजिश रखने लगा था।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: हरिद्वार पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जूना अखाड़े के आचार्य से लिया आशीर्वाद

घर पर पथराव, छत पर वीडियो बना रहे बेटे पर भी फायरिंग

परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब दस बजे दूसरे पक्ष के लोग सतनाम सिंह के घर पहुंचे और पथराव करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इससे घर में अफरा-तफरी मच गई। उस समय सतनाम खेत में मूंगफली की कटी फसल देखने गया हुआ था।

घर में मौजूद सतनाम का पुत्र प्रिंस जब छत पर पहुंचकर घटना का वीडियो बनाने लगा तो हमलावरों ने उस पर भी गोली चला दी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गया। प्रिंस ने हमलावरों के फायरिंग करने का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए वहां से निकल गए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: शिक्षकों के तबादलों का रास्ता साफ...शासन ने दिए 55 दिन अतिरिक्त, अनुरोध के आधार पर होंगे ट्रांसफर

खेत से लौटते समय सतनाम को घेरा, सीने में लगी गोली

बताया जा रहा है कि घर से लौटते समय हमलावरों को खेत से आ रहा सतनाम सिंह मिल गया। आरोपियों ने उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी। परिजनों के अनुसार, गोली सतनाम के सीने में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

परिजन उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय सितारगंज लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया। देर रात रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचने पर सतनाम को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची नानकमत्ता पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। रविवार सुबह पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी रही।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: गैरसैंण सत्र में धामी सरकार पेश करेगी 5 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट, 27 अक्टूबर से शुरू होगा सत्र

छोटे भाई को निशाना बनाने आए थे आरोपी, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

बताया जा रहा है कि हमलावर सतनाम के छोटे भाई कुलदीप को मारने के इरादे से आए थे, लेकिन रास्ते में सतनाम के मिल जाने पर उसे निशाना बना दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने नानकमत्ता पुलिस पर पूर्व में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page