Uttarakhand: शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल…छह अधिकारियों के तबादले, गृह, राजस्व और आवास समेत कई विभाग बदले

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा, राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा के छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी आदेश में अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती देने के साथ वर्तमान पदभार से अवमुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। फेरबदल में गृह, राजस्व, आवास, नागरिक उड्डयन, कृषि, समाज कल्याण और सैनिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी विजय कुमार जोगदांडे (बैच 2012) को अब अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जोगदांडे वर्तमान में अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, निर्वाचन, स्टाफ ऑफिसर मुख्य सचिव तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई तैनाती के बाद उनकी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: 4.33 लाख गबन के आरोपी पोस्टमास्टर की जमानत अर्जी खारिज

आनंद श्रीवास्तव को राजस्व के साथ नागरिक उड्डयन और कृषि की जिम्मेदारी

आईएएस डॉ. आनंद श्रीवास्तव (बैच 2013) को अपर सचिव राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वह इससे पहले अपर सचिव राजस्व तथा कृषि एवं कृषक कल्याण का दायित्व संभाल रहे थे। शासन ने उन्हें अपर सचिव नागरिक उड्डयन तथा महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी भी सौंपी है। ऐसे में श्रीवास्तव के पास राजस्व के साथ कृषि और नागरिक उड्डयन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व रहेंगे।

विनोद गिरी गोस्वामी को आवास विभाग

आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी (बैच 2017) को अपर सचिव आवास विभाग बनाया गया है। इससे पहले उनके पास अपर सचिव शहरी विकास एवं आवास विभाग, निदेशक शहरी विकास निदेशालय देहरादून और मुख्य कार्यपालक अधिकारी भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी थी। शासन के इस बदलाव के बाद आवास विभाग से जुड़े कार्यों में अब उन्हें प्रमुख जिम्मेदारी निभानी होगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: ऑरेंज अलर्ट के चलते इस जिले में लगातार पांचवें दिन बंद रहेंगे स्कूल, 31 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित

सुन्दर लाल सेमवाल को समाज कल्याण का दायित्व

पीसीएस अधिकारी सुन्दर लाल सेमवाल को अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह अपर सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग एवं समाज कल्याण के साथ-साथ बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम के प्रबंध निदेशक और आयुक्त दिव्यांगजन उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

सुनील सिंह को गृह और आवास विभाग की जिम्मेदारी

सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अपर सचिव गृह विभाग के साथ अपर सचिव आवास विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इससे पहले वह अपर सचिव राजस्व एवं गृह विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: एसटीएच में डॉक्टरों की मनमानी चरम पर! मरीज लाइन में, डॉक्टर समय से पहले ओपीडी से गायब

बाध्य प्रतीक्षा में चल रहीं महिमा रॉकली को मिली नई तैनाती

शासन ने सचिवालय सेवा की अधिकारी महिमा रॉकली को भी नई जिम्मेदारी दी है। अब उन्हें अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वह वर्तमान में बाध्य प्रतीक्षा में थीं।

तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

शासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदभार एवं विभाग से कार्यमुक्त होकर तत्काल नई तैनाती वाले पदभार ग्रहण करेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी आख्या और प्रमाणक कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page