देहरादून। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। केदारनाथ धाम की हेली शटल सेवा के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग आज बुधवार शाम 6 बजे से शुरू होगी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से बुकिंग पोर्टल खोला जाएगा, जहां पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए 22 अप्रैल से हेली सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। इस बार श्रद्धालुओं को गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से हेली शटल सेवा उपलब्ध होगी। इन तीनों स्थानों से प्रतिदिन निर्धारित उड़ानों के जरिए यात्रियों को बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचाया जाएगा।
आईआरसीटीसी ने टिकट बुकिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और आज शाम 6 बजे से पोर्टल लाइव कर दिया जाएगा। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून तक के लिए टिकट बुकिंग खोली जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी टिकटों की भारी मांग रहने की संभावना है, ऐसे में बुकिंग शुरू होते ही स्लॉट तेजी से भर सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हेली टिकटों की बुकिंग केवल आईआरसीटीसी के आधिकारिक हेलीयात्रा पोर्टल https://heliyatra.irctc.co.in पर ही की जाएगी। इसके अलावा किसी अन्य वेबसाइट, एजेंट या निजी लिंक के माध्यम से टिकट बुकिंग मान्य नहीं होगी।
प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर फर्जी वेबसाइट और लिंक के जरिए टिकट बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आती रहती हैं, इसलिए केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही भरोसा करें।
गौरतलब है कि केदारनाथ हेली सेवा हर वर्ष श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय रहती है। खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और कम समय में यात्रा पूरी करने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा बड़ी सुविधा साबित होती है। पिछले वर्षों में बुकिंग खुलते ही कुछ ही समय में अधिकांश स्लॉट फुल हो गए थे।
राज्य सरकार और प्रशासन चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों में जुटा है। यात्रा मार्गों की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और ट्रैफिक प्रबंधन के साथ हेली सेवाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
