Uttarakhand: धामी सरकार ने बांटे नए दायित्व, कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिली अहम जिम्मेदारियां

खबर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से बुधवार को इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए गए।

सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को सेतु आयोग में सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं देहरादून की वरिष्ठ नेत्री ज्योति कोटिया को गोरखा कल्याण परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। परिषद में अभिषेक शाही को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  शांति वार्ता से पहले कीव पर रूस का भीषण हमला, मिसाइल-ड्रोन हमलों से दहला यूक्रेन

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा निवासी कैप्टन गंभीर सिंह धामी को उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर नामित किया गया है। सैन्य पृष्ठभूमि और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसी क्रम में टिहरी गढ़वाल के कंडीसौड़ क्षेत्र स्थित धरवाल गांव के वरिष्ठ नेता जोत सिंह बिष्ट को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देहरादून निवासी शमशेर सिंह बिष्ट को उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: किसान आत्महत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष व दरोगा निलंबित, पैगा चौकी लाइन हाजिर

इसके अलावा अनुराधा वालिया को माटी कला बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सरकार के इस फैसले को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नए दायित्व मिलने के बाद संबंधित नेताओं और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। सभी नियुक्त पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का भरोसा दिलाया है।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल में जिला पंचायत गैंग मेटों का धरना, 15–20 वर्षों से कार्यरत मजदूरों को सालभर की मजदूरी देने की मांग

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नियुक्तियों के जरिए सरकार ने संगठन के अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के साथ-साथ विभिन्न परिषदों और बोर्डों को और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page