हल्द्वानी। उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के दावे जहां एक ओर जोर-शोर से किए जा रहे हैं, वहीं कुमाऊं मंडल से सामने आ रही तस्वीर इन दावों की जमीनी हकीकत को कटघरे में खड़ा कर रही है। रुद्रपुर, काशीपुर, किच्छा और हल्द्वानी जैसे प्रमुख व्यापारिक शहरों में ट्रांसपोर्ट कारोबार की आड़ में टैक्स चोरी का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के बीच यह मामला इसलिए भी अहम हो जाता है क्योंकि आरोप सीधे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, टैक्स चोरी का यह खेल बेहद सुनियोजित तरीके से खेला जा रहा है। बाहर से आने वाले माल पर एक वैध बिल तैयार किया जाता है, जिसकी वैधता 24 से 72 घंटे तक रहती है। इसी एक बिल का इस्तेमाल कर ट्रांसपोर्ट कारोबारी एक ही दिन में कई बार माल की ढुलाई कर देते हैं। कागजों में एक ट्रिप दर्ज होती है, जबकि वास्तविकता में कई बार माल लाकर टैक्स से बचा लिया जाता है।
इस प्रक्रिया में कपड़ा, जूते, कॉस्मेटिक, परचून और तंबाकू जैसे सामान प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन वस्तुओं में ज्यादा मुनाफा होने के कारण कारोबारी इस अवैध तरीके को अपनाने से पीछे नहीं हटते।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस पूरे नेटवर्क को कथित रूप से विभागीय स्तर पर संरक्षण मिल रहा है। चेकिंग के नाम पर सड़कों पर अभियान जरूर चलते हैं, लेकिन कार्रवाई अधिकतर छोटे वाहनों और छोटे कारोबारियों तक सीमित रह जाती है। वहीं बड़े ट्रांसपोर्टरों को पहले ही सूचना देकर सतर्क कर दिया जाता है, जिससे वे जांच से बच निकलते हैं।
कुछ कारोबारियों का यह भी दावा है कि इस खेल में ‘महीने की सेटिंग’ जैसी व्यवस्था चलती है, जिसमें कथित तौर पर तय रकम देकर टैक्स चोरी को आसान बना दिया जाता है। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क की जानकारी उच्च स्तर तक पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखी है। यही वजह है कि टैक्स चोरी का यह नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है।
ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मामले में निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा। फिलहाल, कुमाऊं में चल रहा यह कथित टैक्स चोरी का खेल सरकार की साख और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है।

