देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को प्रदेश मंत्रिमंडल की अहम बैठक होगी। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के लिए अनुपूरक बजट के प्रस्ताव समेत कई विधेयकों पर चर्चा और उन्हें मंजूरी दिए जाने की संभावना है। सरकार की नजर 27 अक्टूबर से गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में शुरू होने वाले विधानसभा के दो दिवसीय सत्र पर है, जिसमें अनुपूरक बजट पारित कराया जाना प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार विधानसभा में 3000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी कर रही है। मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल सकती है। अनुपूरक बजट के जरिए चालू वित्तीय वर्ष के शेष समय में विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। सत्र को लेकर शासन और विधानसभा स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक में त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को राज्य सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान के संबंध में छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। आयोग की सिफारिशें स्थानीय निकायों को मिलने वाले वित्तीय संसाधनों और अनुदान के निर्धारण की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
कैबिनेट की बैठक में अनुपूरक बजट के साथ अन्य प्रस्तावों और विधेयकों पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक में ही होगा।

