75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद, लैपटॉप-प्रिंटर से चला रहे थे वाहन दस्तावेज तैयार करने का कारोबार, नेटवर्क खंगालने में जुटी एसटीएफ
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। आरटीओ कार्यालय के बाहर ही दो निजी गाड़ियों में अवैध दफ्तर चलाकर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने का मामला सामने आया है। लैपटॉप और प्रिंटर के सहारे वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर चल रहे इस खेल का एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 और आधार व पैन कार्ड समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, रविवार को टीम ने जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश दी। यहां दो अलग-अलग निजी वाहनों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होती मिलीं। तलाशी के दौरान वाहनों के भीतर वाहन संबंधी दस्तावेजों के साथ लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। मौके से प्रवीण बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर और पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया।

कारों को बना रखा था चलता-फिरता दफ्तर
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आरटीओ कार्यालय के बाहर खड़े अपने दो निजी वाहनों को ही अस्थायी दफ्तर बना रखा था। यहां वाहन स्वामियों के आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों से जुड़े काम कराने के नाम पर सरकारी निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूली जा रही थी। वाहनों के भीतर लैपटॉप और प्रिंटर के जरिए दस्तावेज तैयार करने का काम किया जा रहा था। आरटीओ कार्यालय के बाहर इस तरह समानांतर व्यवस्था चलाए जाने से विभागीय कार्यप्रणाली और अवैध वसूली के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
दस्तावेजों का जखीरा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद किए हैं। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और लैपटॉप एडॉप्टर भी मिला है। कार्रवाई के दौरान इस काम में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया।
किसके संरक्षण में चल रहा था खेल, जांच में जुटी एसटीएफ
एसटीएफ अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि अब तक कितने वाहन स्वामियों से अतिरिक्त रकम वसूली गई और दस्तावेज तैयार कराने के इस कारोबार में निजी लैब या अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं। बरामद दस्तावेजों के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि आरटीओ से संबंधित कार्य अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। अनजान लोगों को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज न सौंपें और किसी भी काम के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

