Uttarakhand: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें

देहरादून। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति समेत पांच ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने महिला हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के ग्राम खोरिया की रहने वाली तथा वर्तमान में सैनिक कॉलोनी, बड़ा रामपुर कलां निवासी सायमा खातून ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका निकाह नवंबर 2024 में मुस्लिम रीति-रिवाज से उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के थाना भवानीगंज क्षेत्र के वासा गांव निवासी अहसान हबीव के साथ हुआ था।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: पहाड़ी से गिरा बोल्डर, स्कूली बच्चों से भरी बस बाल-बाल बची

विवाहिता का आरोप है कि शादी के समय उसके परिवार की ओर से नकदी सहित गृहस्थी का पर्याप्त सामान दिया गया था, लेकिन निकाह के करीब एक सप्ताह बाद ही पति, ससुर, सास और ननदों ने कम दहेज लाने को लेकर ताने देना शुरू कर दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: UKSSSC ने विभिन्न विभागों में 57 पदों पर निकाली भर्ती, 10 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उससे पांच लाख रुपये नकद और दो बीएचके फ्लैट की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पंखे से लटकाकर मार डालने और ठिकाने लगाने तक की धमकियां दी गईं। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह विवाह के लगभग दो माह बाद अपने मायके लौट आई और तब से वहीं रह रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: टीबी के जटिल रूप पर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों का मंथन, विशेषज्ञों ने साझा की अहम जानकारियां

सहसपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि महिला हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत की जांच के बाद पति अहसान हबीव, ससुर हबीबुल्ला, सास शाहरून निशा तथा ननद राशिदा और शजिदा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page