देहरादून। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल उर्फ यूके-07 राइडर की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मारपीट और अपहरण के प्रयास से जुड़े मामले में जेल में बंद अनुराग के खिलाफ अब रायपुर थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल ने अनुराग और उसके पांच-छह साथियों पर घर में घुसकर मारपीट करने, हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने, मोबाइल से निजी डेटा हासिल करने और सामान ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के मुताबिक, घटना तीन अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे नकरौंदा के विवेक विहार स्थित आयुष के घर पर हुई। आरोप है कि अनुराग अपने साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए घर में घुसा और आयुष के बाल खींचकर थप्पड़ मारे। इस दौरान छोटा पंडित उर्फ खुखरी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि टाइगर ने मोबाइल फोन छीन लिया।
हथियार दिखाकर धमकाने का आरोप
आयुष का आरोप है कि उसकी मौसी ने बीच-बचाव किया तो अनुराग ने उसकी मां और मौसी के पैर छूकर शांत रहने को कहा। हालांकि, शिकायतकर्ता के मुताबिक, टाइगर और खुखरी ने कमर में हथियार दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। उसे हरिद्वार के अभिषेक सैनी जैसा हश्र करने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।
मोबाइल अनलॉक कराकर निजी जानकारी लेने की शिकायत
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि परिवार को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते उसे मोबाइल अनलॉक करना पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने फोन से निजी फोटो, वीडियो, संपर्क सूची और सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारी सहित व्यक्तिगत डेटा अपने पास ट्रांसफर कर लिया। आरोप है कि उसे अपनी बात के मुताबिक वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड करने के लिए भी मजबूर किया गया।
आयुष के अनुसार, आरोपी जाते समय उसका ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन धूप का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर भी ले गए।
पहले से जेल में बंद है अनुराग
अनुराग डोभाल और उसके तीन साथी पहले से ही मारपीट और अपहरण के प्रयास से जुड़े एक मामले में जेल में बंद हैं। इस मामले में उनकी जमानत याचिका भी अदालत खारिज कर चुकी है। अब नई प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अनुराग की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि आयुष थपलियाल की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

