वाशिंगटन। अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उसके नेता अभिजीत दिपके पर अमेरिका में मौजूद दानदाताओं से फंडिंग मिलने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि ये दानदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व में भारत के भविष्य के खिलाफ हैं। मिलबेन ने भारतीय युवाओं से संगठन की कथित ‘विनाशकारी सोच’ के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने की अपील की है। हालांकि, फंडिंग से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मिलबेन का यह बयान उस समय सामने आया, जब नई दिल्ली में विपक्षी दलों और सीजेपी समर्थकों की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे थे। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
मिलबेन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह चुप रहने का समय नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनके सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए युवा देशभक्तों से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास के खिलाफ काम करने वाली ताकतों का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाना चाहिए।
विदेशी फंडिंग को लेकर लगाए गंभीर आरोप
अमेरिकी गायिका ने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा दानदाता दुनिया के विभिन्न देशों में रूढ़िवादी विचारधारा वाले नेताओं को निशाना बनाते हैं। उनके दावे के अनुसार, ऐसे लोग संबंधित देशों से अमेरिका में पढ़े-लिखे व्यक्तियों को तलाशते हैं, उन्हें कट्टरपंथी बनाते हैं और फिर अपने देश लौटकर राजनीतिक अस्थिरता फैलाने के लिए आर्थिक मदद देते हैं।
मिलबेन ने दावा किया कि इस तरह की कोशिशों से कई देशों के विकास और शासन पर असर पड़ा है। उन्होंने भारत में भी ऐसी कथित गतिविधियों के खिलाफ एक जवाबी आंदोलन की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, यह आवाज भारत में जन्मे, पले-बढ़े और शिक्षित युवाओं की ओर से उठनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से संगठित होकर शांतिपूर्ण विरोध करने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए सक्रिय नागरिक भागीदारी जरूरी है।
भारत में राष्ट्रगान गाने से मिली पहचान
मैरी मिलबेन अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री हैं। भारत में उन्हें राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और भजन ‘ओम जय जगदीश हरे’ की प्रस्तुतियों के लिए पहचान मिली है। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भारत का राष्ट्रगान प्रस्तुत किया था।

