चलती फ्लाइट का इमरजेंसी गेट खोल यात्री ने लगाई छलांग, बाल-बाल टला बड़ा हादसा

खबर शेयर करें

चेन्नई। चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर चल रही फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर नीचे छलांग लगा दी। एअर अरेबिया की शारजाह से आई इस फ्लाइट में 231 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट लैंडिंग के बाद रनवे से टैक्सीवे की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक 34 वर्षीय यात्री ने इमरजेंसी गेट खोल दिया और नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित हरकत से पायलट को तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान रोकना पड़ा और ग्राउंड स्टाफ को अलर्ट किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  आसमान में अब AI का ‘शिकारी झुंड’...भारत तैयार कर रहा बिना पायलट के लड़ाकू विमान, 2026 में पहली उड़ान का लक्ष्य

तबीयत बिगड़ने के बाद उठाया कदम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित यात्री की उड़ान के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। उसने घबराहट और उल्टी की शिकायत की थी और घटना से पहले दो बार उल्टी भी की थी। माना जा रहा है कि अत्यधिक बेचैनी के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत संभाला मोर्चा
पायलट की सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता भी सक्रिय कर दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत यात्री को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी के तीन निजी अस्पतालों में मिली अनियमितताएं, नोटिस जारी

एक घंटे तक प्रभावित रहा एयरपोर्ट संचालन
इस घटना के कारण एयरपोर्ट का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सुरक्षा कारणों से सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक मुख्य रनवे को बंद करना पड़ा और अन्य उड़ानों को सेकेंडरी रनवे पर डायवर्ट किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

जांच में जुटी एजेंसियां
बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया यात्री तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विमानन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के इस गंभीर मामले की जांच कर रही हैं। साथ ही डॉक्टरों की टीम यात्री की मानसिक स्थिति का भी परीक्षण कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  Nainital: मुक्तेश्वर में बहुमंजिला निर्माण पर आयुक्त दीपक रावत सख्त, भू-कानून के दुरुपयोग की आशंका, जांच के आदेश

इस घटना ने हवाई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page