Uttarakhand: यू-ट्यूबर सौरभ जोशी से अभद्रता, कार सवार युवकों ने की गाली-गलौज…पुलिस जांच में जुटी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। शहर के तिकोनिया चौराहे के पास बुधवार देर रात चर्चित यू-ट्यूबर और ब्लॉगर सौरभ जोशी के साथ कार सवार कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता और गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सौरभ की पत्नी अवंतिका ने गश्त कर रही पुलिस टीम को पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं, घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक सौरभ जोशी बुधवार रात अपनी पत्नी अवंतिका और भाई के साथ डिनर करने के बाद कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तिकोनिया चौराहे के पास उनकी कार के आगे चल रही एक कार में सवार युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज भी की।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: ड्रग फ़्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 नशीले इंजेक्शन के साथ तस्कर दबोचा

घटना के बाद सौरभ जोशी ने युवकों की कार का पीछा करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक वाहन की गति बढ़ाकर ठंडी सड़क की ओर निकल गए और मौके से फरार हो गए।

पत्नी ने पुलिस को बताया कार का नंबर

घटना के बाद सौरभ जोशी की पत्नी अवंतिका ने तिकोनिया चौराहे पर गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों से संपर्क किया। उन्होंने पुलिस टीम को घटना की जानकारी देने के साथ ही संबंधित कार का नंबर भी बताया और युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: फायरिंग की झूठी सूचना देना पड़ा भारी, युवक पर ₹5000 का जुर्माना

सौरभ जोशी ने अपने व्लॉग में भी घटना का जिक्र किया है। उनका कहना है कि कार सवार युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। घटना के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी अपने दर्शकों के साथ भी साझा की।

सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस

मामले को लेकर कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  कफ सिरप कांड: 14 बच्चों की मौत के बाद रिपोर्ट में 350 नियमों का उल्लंघन, फैक्ट्री में मिली गंदगी और जहरीला केमिकल

कोतवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल सौरभ जोशी की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटी है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page