रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल घूमने निकले गाजियाबाद के एक नवविवाहित दंपती का सफर शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसे में बदल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 काशीपुर-बुआखाल पर डंपर और स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत में स्कॉर्पियो सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो पलट गई और दोनों उसमें फंस गए।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी यतीश और उसकी पत्नी शीतल यादव स्कॉर्पियो से देर रात रामनगर की ओर आ रहे थे। वाहन जितेश चला रहा था। बताया जा रहा है कि दंपती नैनीताल घूमने जा रहा था। दोनों की शादी को अभी करीब चार माह ही हुए थे।
तड़के 1:45 बजे हुई टक्कर
पुलिस के अनुसार रात करीब 1:45 बजे काशीपुर-बुआखाल हाईवे पर स्कॉर्पियो की उपखनिज लेकर काशीपुर की ओर जा रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन के पलटने के बाद उसमें सवार दोनों लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया। पुलिस और राहगीरों ने काफी प्रयास के बाद दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम
अस्पताल में चिकित्सकों ने जितेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी शीतल की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रात में ही हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
चार माह पहले हुई थी शादी
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि दंपती पर्यटक के रूप में नैनीताल की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि दोनों की शादी को करीब चार माह ही हुए थे। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और वाहन की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

