नई दिल्ली। राजधानी के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। एक रिहायशी इमारत के छह फ्लैटों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:47 बजे दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल सेवा की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल चुकी थी। इमारत में रह रहे लोग गहरी नींद में थे, जिससे कई लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी, एसीपी और अन्य अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। क्राइम टीम और अन्य एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। इस दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आईं। घायलों को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि इस इमारत में कुल आठ परिवार रहते थे और आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं इतनी तेजी से फैला कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कई लोग अपने घरों में ही फंस गए, जिससे जनहानि बढ़ गई।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि कहीं कोई व्यक्ति मलबे या धुएं के बीच फंसा न रह गया हो। शुरुआती जांच में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की बहुमंजिला इमारतों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में इंदिरापुरम की एक हाईराइज सोसाइटी में भी इसी तरह की आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसने शहरी सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी थी।
लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि यदि समय रहते सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू नहीं किया गया, तो इस तरह की घटनाएं भविष्य में और भी भयावह रूप ले सकती हैं।

