Nainital: मुर्गा गाड़ी की आड़ में चल रही थी चरस तस्करी, 2.683 किलो बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

खबर शेयर करें

भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुमाऊँ यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने मुर्गा सप्लाई करने वाली गाड़ी की आड़ में की जा रही चरस तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और अल्टो कार को भी सीज कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त टीम ने गुरुवार को भीमताल बाजार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: योगा ट्रेनर ज्योति मेर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी अभय यादव गिरफ्तार

पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की खेप वाहन के जरिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर खुटानी बैंड के पास सोना मटन चिकन शॉप के सामने लाल रंग की अल्टो कार और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस की कार्रवाई से घबराकर पिकअप वाहन में सवार एक व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला।

तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप चालक अख्तर हुसैन के कब्जे से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। जांच में सामने आया कि तस्कर मुर्गा ढोने वाले वाहन की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे ताकि पुलिस को शक न हो। बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक, बारामती में होगा अंतिम संस्कार

पुलिस ने इस मामले में अख्तर हुसैन निवासी मल्लीताल, भीमताल और विजय सिंह बिष्ट निवासी ग्राम सूपी, मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भीमताल में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं फरार आरोपी बच्चीराम की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: टाटा मोटर्स फाउंडेशन की पहल से बदली खटोला की तस्वीर, 5 हजार ग्रामीणों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव

नैनीताल पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page