चलती टूरिस्ट बस बनी आग का गोला, नौ यात्रियों की जिंदा जलकर मौत…कई यात्री घायल

खबर शेयर करें

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जेवर एयरपोर्ट के पास चलती टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

आधी रात के बाद आग से मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। टूरिस्ट बस नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई।

यह भी पढ़ें 👉  आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस-कार की टक्कर के बाद पलटी बस, पांच की मौत, 20 से अधिक घायल

आग का पता चलते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री अंदर ही फंस गए। कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों से घिर गई।

नौ यात्रियों की जिंदा जलने से मौत

भीषण आग के चलते नौ यात्रियों की मौत हो गई। कई अन्य यात्री झुलसने और दम घुटने के कारण घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

चलती बस को धू-धूकर जलता देखकर यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शी महिला ने सुनाई खौफनाक आपबीती

हादसे में बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थी। अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया। जब उसकी आंख खुली तो बस के भीतर पहले से ही काफी भीड़ और अफरा-तफरी मची हुई थी।

यह भी पढ़ें 👉  सऊदी अरब में विदेशियों पर सख्ती, चार बड़े पद केवल सऊदी नागरिकों के लिए आरक्षित

महिला के मुताबिक, उसने अपना कोई सामान नहीं उठाया और यहां तक कि जूते भी नहीं पहने। वह सिर्फ अपना मोबाइल लेकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगी। बस के अंदर इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे को धक्का देकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।

महिला ने बताया कि उसे भी कई लोगों के धक्के लगे और आखिरकार किसी ने उसे खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुछ समय तक कुछ याद नहीं रहा। चारों तरफ धुआं ही धुआं था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।

उसके मुताबिक, बस के भीतर लोग दम घुटने से परेशान थे और बाहर निकलने के लिए रास्ता तलाश रहे थे। कई यात्री बाहर निकलने में सफल नहीं हो सके। महिला ने बताया कि उसके पीछे भी कई लोग मौजूद थे और आशंका है कि वे आग से बाहर नहीं निकल पाए।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बस में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

यह भी पढ़ें 👉  सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, 75 साल में पहली बार भाजपा के हाथ सत्ता की कमान

पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ बस में मौजूद यात्रियों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। हादसे से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें बस आग की ऊंची लपटों से घिरी दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page