Uttarakhand: नगर निगम कर्मचारी बनकर घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर जेवर-नकदी लूट ले गए

खबर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गढ़वाली कॉलोनी में नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला को बंधक बना लिया।

आरोपियों ने महिला के हाथ और मुंह बांधकर मारपीट की तथा सोने के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: चार साल के बाद भी अधूरे वादे, प्रचार में चमक लेकिन ज़मीन पर सन्नाटा

रायपुर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली रहती हैं। रविवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो युवक उनके घर पहुंचे। दोनों ने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए आधार कार्ड दिखाने के बहाने दरवाजा खुलवाया।

घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और बुजुर्ग महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखी नकदी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जब महिला ने विरोध किया तो दोनों ने उनके हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की। हमले में महिला के हाथ और पैरों में चोटें आईं।

यह भी पढ़ें 👉  चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट योगदान पर डॉ. ऋतु रखोलिया सम्मानित

आरोप है कि बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: होटल में महिला के साथ मिला युवक, पति ने रंगे हाथ पकड़कर किया हंगामा...पुलिस ने भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और रायपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page