अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेल और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पांच साल से प्रेम संबंध में रहे युवक की उसकी प्रेमिका ने अपने दूसरे प्रेमी और पति के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गंग नहर में फेंक दिया गया, जिसकी पहचान करीब 85 दिन बाद हो सकी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महिला और उसके दूसरे प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि महिला का पति अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को हरदुआगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर माछुआ गांव के पास गंग नहर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। लंबे समय तक शव की पहचान नहीं हो सकी। बाद में 23 जुलाई को परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त खैर थाना क्षेत्र के सहरोई गांव निवासी 25 वर्षीय अमित के रूप में की।
30 अप्रैल को घर से निकला, फिर नहीं लौटा
मृतक के भाई वेदप्रकाश ने पुलिस को बताया कि अमित का जवां थाना क्षेत्र की नई बस्ती रामपुर में अपनी ननिहाल के पड़ोस में रहने वाली महिला कल्पना से संपर्क था। इस कारण वह अक्सर वहां आता-जाता था। परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने अमित को समझाया था। इसके बाद 30 अप्रैल को अमित घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा।
शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह कुछ दिनों बाद लौट आएगा, लेकिन जब उसका मोबाइल लगातार बंद मिलने लगा और काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान हरदुआगंज क्षेत्र से मिले अज्ञात शव की तस्वीरें दिखाई गईं, जिनसे उसकी पहचान हो सकी।
प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेल बना हत्या की वजह
हरदुआगंज थाना प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर कल्पना और उसके दूसरे प्रेमी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कल्पना ने बताया कि अमित से उसके पिछले पांच वर्षों से अवैध संबंध थे। उसके पास दोनों के कुछ फोटो और वीडियो थे, जिनके जरिए वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और धमकियां दे रहा था। इसी बीच उसकी दोस्ती बुलंदशहर निवासी लोकेश से हुई, जिसकी पहचान उसने अपने पति संजू से भी करा दी थी।
घर बुलाकर लोहे के पाइप से की हत्या
पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल को अमित ने कल्पना को फोन कर उसके घर आने की बात कही। इसके बाद कल्पना ने पहले से ही लोकेश को घर बुला लिया। देर रात जब अमित वहां पहुंचा तो उसे बातचीत में उलझाया गया और फिर लोकेश ने उसके सिर पर लोहे के पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए महिला के पति संजू ने भी लोकेश का साथ दिया। तीनों ने मिलकर शव को गंग नहर में फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके। कमरे में फैले खून को साफ करने के लिए गमछे और बोरे का इस्तेमाल किया गया।
हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद, पति की तलाश जारी
पुलिस ने कल्पना की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा लोकेश का कड़ा बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी संजू की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

