Haldwani: सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में हाई अलर्ट, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च…चप्पे-चप्पे पर निगरानी

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर Area Domination अभियान चलाते हुए फ्लैग मार्च किया। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ चेकिंग, सत्यापन और निगरानी अभियान तेज कर दिया गया है।

माननीय सर्वोच्च न्यायालय में इस मामले की सुनवाई के लिए कल (9 सितम्बर) की तिथि निर्धारित है। इसी को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंद्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट समेत कई संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया और क्षेत्र में अपनी मौजूदगी का एहसास कराया।

यह भी पढ़ें 👉  नगर निकाय चुनाव: बागेश्वर और कपकोट के वार्डों में आपत्तियों का निस्तारण

CCTV और ड्रोन से लगातार निगरानी

पुलिस की ओर से क्षेत्र की निगरानी के लिए CCTV कैमरों के साथ Specialized Drone का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, संवेदनशील क्षेत्रों में गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

इसके अलावा जगह-जगह पुलिस की ओर से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

संदिग्धों पर होगी Preventive Detention की कार्रवाई

पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की आशंका वाले संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ Preventive Detention समेत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में लगातार सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य किसी भी संभावित स्थिति से पहले ही निपटना और क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: गोपेश्वर में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में निकाला गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हरपाल सिंह और थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

फ्लैग मार्च में थाना पुलिस के साथ PAC, Anti-Riot टीम, BDS, Fire और Drone टीम भी शामिल रही।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर

नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना या तथ्यहीन पोस्ट को साझा अथवा प्रसारित न करें। पुलिस का कहना है कि ऐसी कोई भी पोस्ट या टिप्पणी, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना हो, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: गैर-विवादित नामांतरण प्रकरण समयबद्ध निस्तारित करें : डीएम

SSP नैनीताल की लोगों से अपील—शांति बनाए रखें

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करें।

उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अपुष्ट सूचना को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें।

पुलिस का सख्त संदेश

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आम लोगों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page