बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गुलावठी क्षेत्र स्थित बनबोई गांव में शनिवार रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में बड़े भाई ने चारपाई के पाए से सिर पर वार कर छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया चारपाई का पाया भी बरामद कर लिया गया है।
मृतक की पहचान रविंद्र सिरोही (42) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़े भाई का नाम हरेंद्र सिरोही उर्फ बिट्टू है। दोनों भाई भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे। पुलिस ने मृतक के साले विपिन कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
शराब पीते समय गाली देने पर बिगड़ी बात
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब आठ बजे रविंद्र और हरेंद्र अपने मकान के बराबर स्थित खाली प्लॉट में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि रविंद्र ने बड़े भाई हरेंद्र को गाली दे दी। इससे गुस्साए हरेंद्र ने पास में पड़ी चारपाई का पाया उठाया और रविंद्र के सिर पर वार कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से रविंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें आनन-फानन में हापुड़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डायल 112 पर मिली हत्या की सूचना
थाना प्रभारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे मेरठ के रोहटा निवासी विपिन कुमार ने डायल 112 पर फोन कर रविंद्र की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बनबोई गांव पहुंची। वहां घर में रविंद्र का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने आरोपी हरेंद्र को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में हत्या में इस्तेमाल किया गया चारपाई का पाया भी बरामद कर लिया गया।
ढाई महीने से गांव में रह रहे थे रविंद्र
मृतक के साले विपिन कुमार ने बताया कि रविंद्र मेरठ के गंगानगर स्थित मीनाक्षीपुरम में अपने परिवार के साथ रहते थे। बनबोई गांव में उनकी पैतृक जमीन है। करीब ढाई महीने पहले वह गांव आकर खेती-किसानी देखने लगे थे। इस दौरान वह बीच-बीच में मेरठ स्थित अपने परिवार से मिलने जाते थे।
वहीं, हरेंद्र गांव में ही अपने परिवार के साथ रहता था। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाई पिछले कई महीनों से गांव में साथ रह रहे थे। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि दोनों के बीच अक्सर शराब पीने के दौरान कहासुनी और गाली-गलौज होती थी। हालांकि, इन बातों की पुलिस जांच कर रही है।
दोनों भाई सेना से थे रिटायर्ड, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के मुताबिक, रविंद्र करीब छह साल पहले और हरेंद्र लगभग दस साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। रविंद्र के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं, जबकि हरेंद्र के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। दोनों भाइयों के बच्चे अभी छोटे हैं। उनके पिता की कई साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां राजे गांव में हरेंद्र के साथ रहती हैं।
छोटे भाई की हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद रविंद्र का शव गांव पहुंचा। इसके बाद गमगीन माहौल में गांव में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि आरोपी हरेंद्र सिरोही को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के साले की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात में इस्तेमाल चारपाई का पाया बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

