चाचा-भतीजे के रिश्ते का खौफनाक अंत…जमीन विवाद में छह गोलियां मारकर हत्या, भतीजे की पत्नी से संबंध होने का आरोप

खबर शेयर करें

पटना। जिस रिश्ते में परिवार की सुरक्षा और भरोसे की उम्मीद होती है, उसी रिश्ते में मंगलवार सुबह पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में खून बह गया। बभनपुरा गांव में जमीन और पारिवारिक विवाद के बीच एक बिल्डर व जमीन कारोबारी पर अपने ही 30 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी चाचा ने दीपक पर एक के बाद एक छह गोलियां चलाईं। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा आरोपी की पत्नी शोभा देवी के आरोपों से हुआ है। उन्होंने दावा किया कि उनके पति ललन शर्मा के अपने ही भतीजे की पत्नी से कथित प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। शोभा देवी के मुताबिक, दीपक इस रिश्ते का विरोध करता था और अपने चाचा को समझाने की कोशिश करता था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  तेल संकट की आशंका के बीच सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल पंपों से थोक खरीद पर रोक

अलग घर बनाने के बाद भी नहीं थमा विवाद

परिजनों के अनुसार, पारिवारिक विवाद से परेशान होकर दीपक ने अपनी पत्नी के मायके में अलग घर बनवा लिया था। लेकिन इससे रिश्तों में चल रही खटास खत्म नहीं हुई। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि ललन शर्मा ने धोखे से दीपक और उसकी पत्नी की मुख्य सड़क किनारे स्थित बेशकीमती जमीन अपने नाम करवा ली थी। जमीन को लेकर विरोध करने पर कथित तौर पर धमकियां भी दी जाती थीं।

यह भी पढ़ें 👉  दिवाली पर पटाखों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा संकेत, तय होगा कब और कौन से पटाखे चलेंगे

परिजनों का कहना है कि मंगलवार सुबह भी जमीन और पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ और हत्या से पहले घटनास्थल पर क्या हुआ था।

सिर से पेट तक गोलियां, मौके पर ही मौत

बताया जा रहा है कि दीपक के सिर, पेट, जांघ और पैर में गोलियां लगीं। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चाचा फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से छह खाली खोखे बरामद किए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई...फायर एनओसी के नाम पर 20 हजार रिश्वत लेते लीडिंग फायरमैन गिरफ्तार

मृतक के पिता विंध्याचल शर्मा ने आरोप लगाया है कि वारदात के समय ललन शर्मा का दामाद रवि भी वहां मौजूद था। पुलिस इस आरोप की भी जांच कर रही है।

पत्नी और बेटी से पूछताछ, आरोपी की तलाश में छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारीशरीफ के एएसपी नारायण उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी की पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी ललन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page