मुंबई। भाई पर आरोप लगा तो मीका सिंह मैदान में उतर आए। उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी के परफॉर्मेंस को लेकर उठे विवाद पर अब उनके छोटे भाई मीका सिंह ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। दलेर पर शराब पीकर स्टेज पर आने के आरोपों से नाराज मीका ने ऐसी चुनौती दे डाली, जिसने इस विवाद को और दिलचस्प बना दिया। उनका कहना है कि अगर कोई साबित कर दे कि उनके भाई शराब पीते हैं, तो वह सिंगिंग छोड़ देंगे।
मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर मीडिया में चल रही खबरों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी पिछले 30 वर्षों से सुपरस्टार हैं। मीका ने आरोप लगाने वालों से पूछा कि क्या उन्होंने कभी अपने भाई को शराब का गिलास पकड़े देखा है? जब ऐसा कोई अनुभव नहीं है, तो फिर किस आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि वह नशे में थे और ठीक से गा नहीं पा रहे थे?
बीमार हैं, फिर भी निभा रहे हैं शो की जिम्मेदारी
मीका ने अपने भाई की सेहत का हवाला देते हुए कहा कि दलेर मेहंदी पिछले दो वर्षों से बीमार हैं और अभी भी स्वस्थ होने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद वह अपने बैंड के साथ मंच पर प्रस्तुति दे रहे हैं। मीका के मुताबिक, कलाकार कई बार खराब तबीयत के बावजूद अपनी पेशेवर प्रतिबद्धता निभाते हैं। ऐसे में केवल मंच पर उनके व्यवहार के आधार पर नशे में होने का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।
मंत्री ने मंच पर रोका था कार्यक्रम
विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले का है। यहां दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे, तभी उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम रुकवा दिया और दर्शकों के सामने दलेर मेहंदी को फटकार लगाई। मंत्री ने आरोप लगाया कि देवी दुर्गा के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में गायक शराब पीकर मंच पर आए थे।
इस घटना के बाद मामला केवल एक कलाकार की प्रस्तुति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंच पर कलाकार के साथ हुए व्यवहार और आरोपों की पुष्टि को लेकर भी सवाल उठने लगे।
मीका का मीडिया से सवाल- बिना जांच कैसे चल गई खबर?
मीका सिंह ने मीडिया से भी तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगने के बाद खबर चलाने से पहले तथ्यों की जांच होनी चाहिए और संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने यहां तक सवाल किया कि क्या किसी अंतरराष्ट्रीय बैंड के साथ भी मंच पर ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा?
मीका ने यह भी कहा कि दलेर मेहंदी जैसे बड़े कलाकार को आसानी से निशाना बनाया जाता है। उनके मुताबिक, खबरों की सुर्खियां किसी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं, इसलिए मीडिया को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए।

