ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की कमी का उठाया मुद्दा, डॉ. धन सिंह रावत ने सकारात्मक कार्रवाई का दिया भरोसा
विकास दाबड़ा, किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। विधायक तिलक राज बेहड़ ने देहरादून में प्रदेश के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर क्षेत्र के 15 राजकीय विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और छात्रों की संख्या के मुकाबले क्षेत्र में हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की भारी कमी है, जिससे हर वर्ष हजारों विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक बेहड़ ने शिक्षा मंत्री को सौंपे पत्र में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धौराडाम, सिरौली, रामेश्वरपुर, गिद्धपुरी, किच्छा, खमरिया और छिनकी को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत करने की मांग की। इसके अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बब्बरपुर, तुर्कागौरी, रामनगर, पंतपुरा, नगला, भंगा तथा राजकीय उच्च विद्यालय किच्छा को इंटरमीडिएट स्तर तक अपग्रेड करने के साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर को उच्च प्राथमिक विद्यालय में उच्चीकृत किए जाने का भी अनुरोध किया।
तीन साल पहले भी भेजा था प्रस्ताव
विधायक बेहड़ ने शिक्षा मंत्री को बताया कि उन्होंने इन विद्यालयों के उच्चीकरण के लिए 2 मई 2023 को भी शासन को पत्र भेजा था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए अब इस मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
20 वर्षों से नहीं हुआ किसी विद्यालय का उच्चीकरण
तिलक राज बेहड़ ने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद करीब 20 वर्षों से किसी भी राजकीय विद्यालय का उच्चीकरण नहीं हो पाया है, जबकि क्षेत्र की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। इसके कारण सरकारी विद्यालयों में सीटों का संकट गहराता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किच्छा नगर में वर्तमान में केवल एक राजकीय इंटर कॉलेज है, जहां हर वर्ष प्रवेश का अत्यधिक दबाव रहता है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिल पाता। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों की कमी के चलते विशेषकर छात्राओं को दूर-दराज के विद्यालयों में पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
ग्रामीण छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
विधायक ने कहा कि यदि प्रस्तावित विद्यालयों का उच्चीकरण होता है तो किच्छा विधानसभा के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और ड्रॉपआउट की समस्या में भी कमी आएगी।
शिक्षा मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधायक बेहड़ की मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों के उच्चीकरण के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रस्तावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

