Haldwani: गांव-गांव पहुंचेगी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, 17 जुलाई से शुरू होंगे आठ चरणों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जनपद नैनीताल में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 जुलाई से चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी और आवश्यक उपचार, दवाइयों सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आयोजित दिशा (DISHA) समिति की बैठक में सांसद अजय भट्ट ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।

यह भी पढ़ें 👉  बेटे ने ठुकराया फर्ज़, बुजुर्ग मां-बाप को किया बेदखल...DM ने लौटाई 3080 वर्गफुट की संपत्ति

इन स्थानों पर लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निम्न तिथियों पर किया जाएगा—

  • 17 से 19 जुलाई – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पदमपुरी
  • 20 से 22 जुलाई – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दौलतपुर
  • 23 से 25 जुलाई – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोटाबाग
  • 27 से 29 जुलाई – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खनसूय (ओखलकांडा ब्लॉक)
  • 30 जुलाई से 1 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामगढ़
  • 3 से 5 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मालधन चौड़
  • 10 से 12 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भीमताल
  • 13 से 15 अगस्त – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गरमपानी
यह भी पढ़ें 👉  हाईवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी: थार चालक गिरफ्तार, वाहन सीज, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई

एक ही स्थान पर मिलेंगी कई स्वास्थ्य सुविधाएं

इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांच, टीबी स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे (जहां सुविधा उपलब्ध होगी), आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी बनाने जैसी सेवाएं भी निशुल्क प्रदान की जाएंगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: ‘परीक्षा पे चर्चा’ पोर्टल पर शिक्षकों का पंजीकरण अनिवार्य, लक्ष्य से चूके तो तय होगी जवाबदेही

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पदमपुरी, गरमपानी, हल्दूचौड़ और कोटाबाग में मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना लक्ष्य

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनपद के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी, जो मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page