Haldwani: विधवा से 53 लाख की ठगी का आरोप…जमीन के नाम पर रची गई साजिश, कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। जमीन खरीदकर भविष्य सुरक्षित करने का सपना देख रही एक विधवा महिला के साथ कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले जमीन का सौदा कर फर्जी दस्तावेजों के जरिए रजिस्ट्री का भरोसा दिलाया गया और बाद में दूसरी जमीन का लालच देकर लाखों रुपये हड़प लिए गए। मामले में अदालत के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मुखानी क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी दशरथी गर्ब्याल ने द्वितीय सिविल जज (सीनियर डिवीजन) हल्द्वानी की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनके पति का निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद प्राप्त फंड की राशि और बैंक से ऋण लेकर वह अपने लिए जमीन खरीदना चाहती थीं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के इस जिले में नशे के खिलाफ ग्रामीणों का संकल्प, सामाजिक आयोजनों से शराब को बाहर करने का ऐलान

महिला के अनुसार मार्च 2023 में उनके पड़ोसी मनोज सिंह धपोला ने भगवानपुर क्षेत्र में एक भूखंड दिखाया, जो कथित तौर पर पुष्पा बोरा के नाम पर बताया गया। करीब 20 लाख रुपये में सौदा तय होने के बाद उन्होंने पांच लाख रुपये नकद और दो चेक के माध्यम से 15 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।

यह भी पढ़ें 👉  छठी बार मां बनीं सीमा हैदर ने बेटे का नाम रखा ‘भारत’, ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ नामकरण

दशरथी गर्ब्याल का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने उन्हें हल्द्वानी तहसील में कुछ दस्तावेज दिखाकर यह विश्वास दिलाया कि जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम हो चुकी है। लेकिन जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो वे कथित रूप से फर्जी और कूटरचित निकले।

पीड़िता का कहना है कि इसके बाद आरोपियों ने दूसरी जमीन दिलाने का झांसा देकर उनसे लगातार धनराशि वसूल की। पति के फंड, बैंक ऋण और अन्य स्रोतों से जुटाई गई रकम मिलाकर उन्होंने कुल करीब 53 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए, लेकिन न तो जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: एसटीएच में जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन, 10 घंटे की सर्जरी से महिला को मिला जीवनदान

मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों की सत्यता, धनराशि के लेनदेन और आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page