कहा – “यह जमीन नहीं, उत्तराखंड के खिलाड़ियों का तीर्थस्थल है”
हल्द्वानी। उत्तराखंड के बहुप्रतीक्षित खेल विश्वविद्यालय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ गया है। वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खेल मंत्री Rekha Arya पहली बार गौलापार स्थित खेल विश्वविद्यालय की प्रस्तावित भूमि पर पहुंचीं। इस दौरान वह भावुक नजर आईं और उन्होंने भूमि की मिट्टी को माथे से लगाकर नमन किया।

खेल मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे समतलीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। वर्तमान में भूमि को समतल करने, झाड़ियों की सफाई और अन्य प्रारंभिक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान रेखा आर्या ने कहा कि किसी सामान्य व्यक्ति के लिए यह सिर्फ जमीन का एक टुकड़ा हो सकता है, लेकिन प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल विभाग के लिए यह स्थान किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी भूमि पर उत्तराखंड के हजारों युवाओं और खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी तथा भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि जब उन्होंने इस भूमि की मिट्टी को माथे से लगाया तो उनके मन में उन खिलाड़ियों का संघर्ष और समर्पण उभर आया, जो वर्षों से बेहतर खेल सुविधाओं और अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विश्वविद्यालय नहीं बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य की मजबूत नींव है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह खेल विश्वविद्यालय प्रदेश को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। यहां आधुनिक खेल प्रशिक्षण, अनुसंधान और उच्च स्तरीय खेल शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे राज्य के खिलाड़ियों को अपने सपनों को साकार करने का बेहतर मंच मिलेगा।
रेखा आर्या ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व और संकल्प की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण लंबे समय से लंबित यह परियोजना अब धरातल पर उतर रही है। यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के अधिकारियों सहित खेल उपनिदेशक राशिका सिद्दकी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत, वरुण बेनीवाल, सतीश कुमार और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

