बेतालघाट (नैनीताल)। नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक अंतर्गत लोहाली गांव में सोमवार देर रात एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक को पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने के बाद उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। वहीं पुलिस ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार लोहाली गांव निवासी बालम सिंह (40) पुत्र कुंदन सिंह को सोमवार शाम खैरना चौकी पुलिस द्वारा हिरासत में लाया गया था। बताया जा रहा है कि वह किसी स्थान पर वीडियो बना रहा था, जिस दौरान पुलिस कर्मियों ने उसे चौकी ले जाकर गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसका पुलिस एक्ट में चालान किया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों का कहना है कि घर लौटने के बाद बालम सिंह काफी सदमे में था। देर रात उसने अपनी बहन मुन्नी देवी और जीजा से फोन पर बातचीत करते हुए पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। इसके कुछ समय बाद उसने घर में आत्महत्या कर ली। जब परिजनों ने उसे देखा तो तत्काल गरमपानी सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। देर रात ही खैरना चौकी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया।
वीडियोग्राफी और पैनल से हुआ पोस्टमार्टम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी और चिकित्सकों के पैनल की निगरानी में कराया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का निष्पक्ष खुलासा हो सके।
मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
एसपी बोले- आरोप बेबुनियाद, जांच होगी निष्पक्ष
नैनीताल एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने पुलिस पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि युवक को केवल शराब के नशे में पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई के तहत चालान किया गया था। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
एसपी ने कहा कि युवक के साथ किसी प्रकार की मारपीट या प्रताड़ना नहीं की गई। सोशल मीडिया पर गलत तथ्यों के साथ खबरें चलाई जा रही हैं। यदि परिजन लिखित शिकायत देते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
गांव में तनाव, लोग मांग रहे सच्चाई
घटना के बाद लोहाली गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए। वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

