Uttarakhand: टोंस नदी में गिरी बाइक, चालक लापता…रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, आज फिर होगी तलाश

खबर शेयर करें

उत्तरकाशी। मोरी तहसील क्षेत्र के सैंज गांव के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक टोंस नदी में गिर गई। हादसे में रिशाणु गांव निवासी कुमरेश सिगटा (45) नदी के तेज बहाव में लापता हो गए, जबकि उनके साथ सवार दूसरे व्यक्ति को एसडीआरएफ और पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। देर रात तक चले संयुक्त सर्च अभियान के बावजूद लापता चालक का कोई सुराग नहीं मिल सका। मंगलवार सुबह एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, कुमरेश सिगटा अपने साथी के साथ मझोग फिलिंग स्टेशन से बाइक में पेट्रोल भरवाकर गांव लौट रहे थे। सैंज गांव के समीप सामने से आ रहे एक वाहन की तेज रोशनी के कारण चालक ने बाइक को सड़क किनारे करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे टोंस नदी में जा गिरी।

यह भी पढ़ें 👉  कोहरे की चपेट में यमुना एक्सप्रेसवे: 8 बसों व 3 कारों की भीषण भिड़ंत, 4 की मौत, 25 घायल

हादसे में बाइक और उस पर सवार दूसरा व्यक्ति जल संस्थान की पाइपलाइन में फंस गए। पाइपलाइन का सहारा मिलने से दूसरे व्यक्ति की जान बच गई और रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, बाइक चला रहे कुमरेश सिगटा नदी की तेज धारा में बह गए और लापता हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  अमेरिका के टैरिफ फैसले से बाजार में हलचल, ट्रंप नरम पड़े

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने देर रात तक नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर, तेज बहाव और अंधेरा रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बने रहे। तमाम प्रयासों के बावजूद लापता व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल से, कपाट खुलने की तिथियां तय

थाना प्रभारी कुलदीप शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page