गांदरबल के हरिगनीवान में एस-मोड़ पर हादसा, पुलिस, SDRF और सुरक्षा बलों ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी घायलों की हालत स्थिर
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। करीब 40 श्रद्धालुओं को लेकर बालटाल बेस कैंप जा रही एक बस गांदरबल जिले के गुंड क्षेत्र स्थित हरिगनीवान के एस-मोड़ के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में लगभग 30 अमरनाथ यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी घायलों को समय रहते सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया और फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, बस (रजिस्ट्रेशन नंबर AR11 D5655) सोनमर्ग हाईवे से होकर बालटाल बेस कैंप की ओर जा रही थी। हरिगनीवान के समीप खतरनाक एस-मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवक मौके पर पहुंच गए। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल कंगन उप-जिला अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल हुए करीब 30 श्रद्धालुओं में से दो के सिर में चोट आई है। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत भी फिलहाल स्थिर है। अन्य सभी घायलों को भी हल्की और सामान्य चोटें आई हैं तथा सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

