Haldwani: ट्रांसपोर्ट नगर बना अवैध गतिविधियों का अड्डा…ढाबों की आड़ में शराब, सट्टा और जुए का खेल, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

खबर शेयर करें

हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी का ट्रांसपोर्ट नगर एक बार फिर अवैध गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। यहां संचालित कुछ ढाबों की आड़ में खुलेआम अवैध तरीके से शराब परोसी और बेची जा रही है। इतना ही नहीं, कुछ ढाबा संचालक कथित तौर पर अवैध शराब बिक्री की आड़ में सट्टेबाजी का कारोबार भी संचालित कर रहे हैं। वहीं, ट्रांसपोर्ट नगर की गलियों में सुबह से लेकर देर रात तक जुआरियों की महफिलें सजी हुई देखी जा सकती हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि ट्रांसपोर्ट नगर में चल रही इन कथित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह नाकाम नजर आ रहा है। जबकि ट्रांसपोर्ट नगर से चंद कदम की दूरी पर ही टीपीनगर पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद चौकी के ठीक पीछे अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य नशे से जुड़ी गतिविधियां बेखौफ तरीके से संचालित हो रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  अंगीठी के धुएं से दम घुटने पर दंपति की मौत, शादी समारोह में शामिल होने आये थे

इससे पहले भी ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे इस कथित अवैध कारोबार का मामला उजागर हुआ था। उस समय पुलिस ने कुछ दिनों तक सख्ती दिखाई, लेकिन कार्रवाई का असर ज्यादा समय तक नहीं रहा। पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाकर अवैध कारोबार से जुड़े लोग फिर सक्रिय हो गए और अब स्थिति पहले जैसी होती नजर आ रही है।

यह भी पढ़ें 👉  स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, अहमदाबाद और नोएडा में हाई अलर्ट

स्थानीय कारोबारियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन अवैध गतिविधियों के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। कई बार पुलिस प्रशासन से शिकायतें की गईं, लेकिन अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

टीपीनगर पुलिस चौकी की नजदीकी के बावजूद जिस तरह से कथित तौर पर अवैध कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है, उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर पुलिस की नाक के नीचे यह सब कैसे चल रहा है। ऐसे में पुलिस और अवैध कारोबारियों के बीच सांठगांठ की आशंकाएं भी बलवती होती नजर आ रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Weather Update: आज छह जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी, 7 अगस्त तक बिगड़ा रहेगा मौसम

यदि समय रहते पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्ट नगर में अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियां और अधिक पैर पसार सकती हैं, जिसका सीधा असर कानून-व्यवस्था और क्षेत्र के सामाजिक माहौल पर पड़ेगा।

ADVERTISEMENTS

You cannot copy content of this page