Uttarakhand: चम्पावत बनेगा प्रदेश का मॉडल जनपद, CM धामी ने दी ₹123.79 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

खबर शेयर करें

17 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ, सिटी सेंटर का किया भूमि पूजन

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत को विकास की बड़ी सौगात देते हुए ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने दोहराया कि “चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना मेरा संकल्प है” और इसके लिए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधारभूत ढांचे, रोजगार और महिला सशक्तिकरण सहित हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत वाली नौ नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने ₹3.49 करोड़ की लागत से तैयार जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ किया और बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

जिम कॉर्बेट ट्रेल से पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना के माध्यम से जनपद के विभिन्न स्थानों को प्रकृतिविद एवं शिकारी से संरक्षणवादी बने जिम कॉर्बेट की विरासत से जोड़ते हुए विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत पर्यटकों के लिए आकर्षक पर्यटन स्थलों का विकास, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand: नर्सिंग अधिकारियों के 196 पदों पर भर्ती, 12 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

सिटी सेंटर से बदलेगी चम्पावत की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) बनाया जाएगा। इससे शहर में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही आधुनिक व्यापारिक भवन, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और युवाओं के लिए अन्य आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

महिलाओं, युवाओं और किसानों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल भवन और सड़कें बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना चाहती है जहां युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को बेहतर अवसर मिलें।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना भी की जाएगी। वहीं कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  Budget 2025: महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए बड़ी सौगात, उद्यमिता के लिए 2 करोड़ तक का टर्म लोन

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के विजन के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

आईएसबीटी, मीडिया सेंटर और सैनिक सुविधाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक आईएसबीटी का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

‘हर वर्ग के विकास का मॉडल बनेगा चम्पावत’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं हैं, बल्कि विकसित चम्पावत की मजबूत नींव हैं। इन योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिलेंगे, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का बल मिलेगा, किसानों की आय बढ़ेगी, व्यापार को गति मिलेगी और पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  Haldwani: आरटीओ ऑफिस में डीएम का औचक निरीक्षण, एजेंटों पर सख्ती...ड्रेस कोड, नेम प्लेट और सीसीटीवी अनिवार्य

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में चम्पावत समावेशी, संतुलित और सतत विकास का ऐसा मॉडल बनेगा, जिसकी पहचान पूरे उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश में भी होगी। मुख्यमंत्री ने जनपदवासियों को विकास परियोजनाओं की बधाई देते हुए विकास यात्रा में निरंतर जनसहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

विभिन्न वर्गों से किया सीधा संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, ढाबा संचालकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, उद्यमियों, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, बार एसोसिएशन, शिक्षकों, स्वच्छाग्रहियों, प्रबुद्धजनों और मीडिया प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page