हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। ममेरी बहन के साथ स्कूटी पर बाजार जा रही किशोरी को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि किशोरी डंपर के पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मुरादाबाद निवासी आदिया पुत्री अब्दुल रहमान गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए बनभूलपुरा के इंद्रानगर बरसाती स्थित अपने मामा के घर आई हुई थी। सोमवार शाम वह अपनी ममेरी बहन के साथ स्कूटी से बाजार सामान लेने निकली थी।
बताया जा रहा है कि शनिबाजार रोड पर गौलापार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गईं। इस दौरान आदिया डंपर के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि स्कूटी चला रही उसकी ममेरी बहन को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गई।
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाए। मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही। सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
मासूम आदिया की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। छुट्टियां बिताने मामा के घर आई किशोरी की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

