अस्पताल पहुंचीं आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, एसएसपी से ली मामले की जानकारी, बोलीं- महिला उत्पीड़न पर नहीं होगा समझौता
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित पारिवारिक विवाद, मानसिक प्रताड़ना और वायरल वीडियो प्रकरण पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मंत्री रेखा आर्या से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने डॉ. गीता खन्ना समेत उपचार कर रहे अन्य चिकित्सकों से भी बातचीत की और बेहतर उपचार के साथ उचित निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग अध्यक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल से बातचीत कर प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। आयोग ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पारदर्शी जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा और न्याय के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। महिला आम हो या खास, आयोग हर पीड़ित महिला के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना की स्थिति में किसी भी महिला को चुपचाप सहने की जरूरत नहीं है। हर महिला को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का पूरा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार, बच्चों के भविष्य और रिश्तों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करती हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उन्हें हिंसा या मानसिक प्रताड़ना सहन करनी पड़े। कानून की नजर में सभी समान हैं और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।
महिला आयोग ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आयोग पूरे प्रकरण पर लगातार नजर बनाए हुए है। जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने मंत्री रेखा आर्या के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए महिला सुरक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

