मां अम्बे इंस्टीट्यूट के शैक्षणिक भवन का उद्घाटन, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम, चेयरमैन ठा. संदीप सिंह की पहल पर टिकीं क्षेत्रवासियों की उम्मीदें
अल्मोड़ा। पहाड़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में अल्मोड़ा में नई पहल की गई है। मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के नवनिर्मित शैक्षणिक भवन का उद्घाटन करने के साथ ही 250 बेड के तरुण करुणा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आयुष केंद्र और तरुण करुणा एडवांस्ड डायग्नोस्टिक एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर का शिलान्यास किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन ठा. संदीप सिंह के प्रयासों को रेखांकित किया गया।
विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले अल्मोड़ा और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच लंबे समय से चुनौती रही है। दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक जांच सुविधाओं के लिए कई बार दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में प्रस्तावित अस्पताल और डायग्नोस्टिक एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
विशेषज्ञ उपचार और आधुनिक जांच की उम्मीद
प्रस्तावित 250 बेड के मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आयुष केंद्र के माध्यम से भविष्य में लोगों को विभिन्न चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं, एडवांस्ड डायग्नोस्टिक एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर से आधुनिक जांच और पुनर्वास सेवाओं के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। परियोजनाओं के निर्माण और प्रभावी संचालन के बाद स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बड़े स्वास्थ्य संस्थानों का विकास करना भौगोलिक परिस्थितियों और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों के कारण आसान नहीं होता। ऐसे में इन परियोजनाओं का महत्व इनके निर्माण के साथ-साथ उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा सुविधाओं और भविष्य में इनके संचालन पर भी निर्भर करेगा।
स्थानीय युवाओं के लिए खुल सकते हैं रोजगार के अवसर
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ चिकित्सा शिक्षा का विस्तार भी इस पहल का अहम पक्ष है। मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के शैक्षणिक भवन से नर्सिंग और पैरामेडिकल शिक्षा को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में प्रशिक्षण और करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। अस्पताल और संबंधित केंद्रों के संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग तथा रोजगार की संभावनाएं भी विकसित हो सकती हैं।
कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी शपथ ली।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में संसदीय स्थायी समिति के सभापति, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते तथा उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से भागीदारी की। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन ठा. संदीप सिंह के पिता बच्चू सिंह यादववंशी, माता भगवान देवी, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, संस्थान की वाइस चेयरमैन प्रीति पाल, प्रधानाचार्य एकजोत कोर, कुंदन लटवाल, राज्यमंत्री, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित कुमल्टा और जगदीश नगरकोटी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

