देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान को लेकर जारी चर्चाओं के बीच शुक्रवार को उर्मिला सनावर के कोर्ट पहुंचने से मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। उन्होंने अपने नार्को टेस्ट की मांग करते हुए दावा किया कि इससे अंकिता भंडारी हत्याकांड, नीलम और अंकित की मौत से जुड़े कई कथित राज सामने आ सकते हैं। उन्होंने मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की मांग भी उठाई।
उर्मिला सनावर ने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और दुष्यंत गौतम पर अंकित हत्याकांड में शामिल होने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि नार्को टेस्ट के जरिए इन मामलों से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अंकित की मौत को लेकर भी लगाए आरोप
उर्मिला सनावर ने अंकित की मौत को लेकर भी गंभीर दावे किए। उनका कहना है कि अंकित को सुरेश राठौड़ का नौकर बताया जाता था और उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंककर मार दिया गया था। उन्होंने कहा कि नार्को टेस्ट होने पर इस मामले सहित अन्य घटनाओं से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
नार्को टेस्ट की मांग से फिर गरमाया मामला
अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की पहचान और भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में उर्मिला सनावर की ओर से नार्को टेस्ट की मांग और अन्य मामलों को लेकर लगाए गए आरोपों ने चर्चा को फिर तेज कर दिया है।

