शादी के चंद घंटे बाद ही दहेज की मांग ने बिगाड़ा जश्न का माहौल, क्लब में सजा प्रतिभोज बना विवाद का अखाड़ा, महिला हेल्पलाइन पहुंचा मामला
देहरादून। शादी की शहनाइयां बज चुकी थीं, सात फेरों के साथ दूल्हा-दुल्हन ने जिंदगीभर साथ निभाने की कसमें भी खा ली थीं। मेहमानों के लिए शानदार प्रतिभोज का इंतजाम था और हर किसी को दुल्हन की विदाई का इंतजार था। लेकिन तभी 20 लाख रुपये की मांग ने सारी खुशियों पर पानी फेर दिया।
आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने विदाई से पहले ऐसी शर्त रख दी कि शादी के कुछ घंटे बाद ही रिश्ते में दरार पड़ गई। न दुल्हन की विदाई हुई और न ही बरात को नई नवेली दुल्हन मिल सकी। आखिरकार बरात बिना दुल्हन के ही दिल्ली लौट गई।

मामला देहरादून का है। शिकायत के अनुसार, यहां की एक युवती का विवाह 27 नवंबर को दिल्ली निवासी युवक के साथ गुरुद्वारे में हुआ था। शादी की रस्में पूरी होने के बाद एक क्लब में मेहमानों के लिए प्रतिभोज रखा गया था। इससे पहले दूल्हा-दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर पहुंचे थे। आरोप है कि यहीं से शादी की खुशियों में खलल पड़ना शुरू हो गया।
ब्यूटी पार्लर से शुरू हुआ 20 लाख का विवाद
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि ब्यूटी पार्लर में दूल्हे के भाई और भाभी ने दहेज में 20 लाख रुपये नहीं देने पर दुल्हन और उसके भाई को अपमानित किया। उन्होंने साफ कह दिया कि विदाई से पहले रकम का इंतजाम करना होगा। इसके बाद जब शाम करीब आठ से साढ़े आठ बजे दोनों पक्ष क्लब में प्रतिभोज के लिए पहुंचे तो वहां भी यही मांग दोहराई गई।
आरोप है कि दूल्हे पक्ष के परिजनों और रिश्तेदारों ने दुल्हन के माता-पिता, भाई और मामा से तत्काल 20 लाख रुपये देने को कहा। रकम नहीं मिलने पर दुल्हन को दिल्ली नहीं ले जाने की बात कह दी गई। दुल्हन पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो शादी तोड़ने की धमकी तक दे दी गई।
दावत तैयार, लेकिन बरातियों ने नहीं किया भोजन!
शादी का जश्न मनाने के लिए क्लब में भोजन तैयार था। मेहमानों के स्वागत की तैयारियां थीं, लेकिन दहेज को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने बरातियों को भोजन करने से भी रोक दिया। नतीजा यह हुआ कि शादी के लिए तैयार किया गया पूरा भोजन बर्बाद हो गया। जिस घर में बेटी की विदाई की तैयारियां थीं, वहां अचानक मायूसी छा गई। नवविवाहिता को मायके में ही रुकना पड़ा और बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
दूल्हे पक्ष ने बताई गलतफहमी की वजह
शनिवार को दुल्हन पक्ष ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, दूल्हे पक्ष के रिश्तेदारों का कहना है कि नशे की हालत में कुछ गलतफहमी हो गई थी। उनका दावा है कि वधू पक्ष की ओर से भी कई मांगें रखी गई थीं, जिनमें से कुछ पूरी की गईं, जबकि कुछ पर सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि दुल्हन की विदाई हो और वह अपने ससुराल आए।
अब जांच के घेरे में शादी का विवाद
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि महिला हेल्पलाइन में मिली शिकायत के आधार पर पहले आरोपों की जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। इसके बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

