‘मन की बात’ में फिटनेस का मंत्र, भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा, बोले- मोटापे को नजरअंदाज करना देश के लिए बड़ी चुनौती
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को फिटनेस का संदेश देते हुए नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है। रविवार को प्रसारित ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में उन्होंने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शुरू की गई ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल ने 100 संस्करण पूरे कर लिए हैं। दिसंबर 2024 में शुरू हुई इस पहल से अब तक देशभर में 30 हजार से अधिक स्थानों पर करीब 37 लाख लोग जुड़ चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि साइकिलिंग शारीरिक व्यायाम का बेहतरीन माध्यम है। खुशी की बात है कि इस पहल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इसकी शुरुआत से अब तक कोई भी रविवार ऐसा नहीं रहा, जब इसका आयोजन नहीं हुआ हो। उन्होंने लोगों से साइकिलिंग को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
पुणे में होगी 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप
पीएम मोदी ने खेलों के क्षेत्र में भारत के लिए एक और बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि पुणे को वर्ष 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। उन्होंने इसे देश में साइकिलिंग और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
फुटबॉल और बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा
प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बताया कि भारतीय फुटबॉल टीम ने रिकॉर्ड दसवीं बार एसएएफएफ चैंपियनशिप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार सुपर-500 खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य सेन कुमामोटो मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। इसके अलावा पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन का खिताब जीतकर भारतीय बैडमिंटन की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया है।
11 दिसंबर से खेलो इंडिया यूथ गेम्स
पीएम मोदी ने युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आठवें संस्करण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि तेलंगाना के छह शहरों में 11 से 22 दिसंबर तक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री ने युवा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘खेलते रहिए-खिलते रहिए।’
मोटापे को बताया बड़ी चुनौती, तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत घटाने की अपील
सर्दियों के आगमन के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों को अपनी सेहत के प्रति विशेष सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौसम बदलने के साथ फिटनेस पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। फिट इंडिया मूवमेंट को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाना होगा।
प्रधानमंत्री ने खानपान में तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत कम करने की अपनी अपील भी दोहराई। उन्होंने कहा कि मोटापा देश के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि बढ़ता मोटापा कई बीमारियों को जन्म देता है। इसलिए लोगों को अपने खानपान और नियमित व्यायाम के प्रति हमेशा सजग रहना चाहिए।

