रुड़की: देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस में सफर कर रही कानपुर निवासी नवविवाहिता रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। कई दिनों तक तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अब मामले को गुमशुदगी से अपहरण में तब्दील कर दिया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, लक्सर रेलवे स्टेशन पर अधिकांश सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने से रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि का विवाह करीब तीन माह पूर्व प्रज्ञा सिंह से हुआ था। दंपती केदारनाथ धाम के दर्शन कर पांच मई को देहरादून से गाजियाबाद जाने के लिए नंदा देवी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। मनीष के मुताबिक हरिद्वार तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। इसके बाद उन्हें नींद आ गई। ट्रेन जब रुड़की पहुंची तो उनकी आंख खुली। उन्होंने देखा कि पत्नी सीट पर नहीं थी।
घबराए मनीष ने पूरे कोच और आसपास के डिब्बों में तलाश की, लेकिन प्रज्ञा का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। परिजन कानपुर से लक्सर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान महिला की आखिरी मोबाइल लोकेशन बहादरपुर खादर गांव के पास मिली। इसके बाद परिजन रेलवे स्टेशन पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की, लेकिन यहां पता चला कि स्टेशन परिसर में लगे अधिकांश कैमरे बंद पड़े हैं। इस पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
बताया गया कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया में 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन अधिकांश लंबे समय से खराब पड़े हैं। चारधाम यात्रा के दौरान भारी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
इधर, जीआरपी और लक्सर कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान और चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने ऐथल से बहादरपुर बाईपास होते हुए डोसनी तक रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया। हालांकि देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाजार चौकी प्रभारी विपिन कुमार की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में महिला के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का उल्लेख किया गया है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि महिला की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। मोबाइल लोकेशन, रेलवे रूट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं स्टेशन अधीक्षक केआर मीणा ने बताया कि स्टेशन पर नए कैमरे लगाए गए हैं। उपकरणों को दूसरे कक्ष में शिफ्ट करने और डीवीआर रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया चलने के कारण सीसीटीवी सिस्टम पूरी तरह संचालित नहीं हो पा रहा है।

